शामली। पहले से शादीशुदा होने के बावजूद दूसरी शादी करने के मामले जिले में तेजी से सामने आ रहे हैं। पिछले तीन माह में ऐसे 14 मामले वन स्टॉप सेंटर पहुंचे हैं। मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट से पहली शादी की पोल खुली तो परिवारों में विवाद गहरा गया और रिश्ते टूटने के कगार पर पहुंच गए हैं। वन स्टॉप सेंटर अधिकारियों के अनुसार प्रेम विवाह और दूसरी शादी का सच सामने आने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ रहा है और कई मामलों में मारपीट और तलाक तक की नौबत आ रही है।
केस-1
शहर के रेलवे रोड निवासी विवाहिता ने एक जून को वन स्टॉप सेंटर में शिकायत दर्ज कराई। बताया कि एक वर्ष पूर्व उसकी शादी कांधला निवासी युवक से हुई थी। पति के फेसबुक अकाउंट और मोबाइल फोन में पहली पत्नी के साथ फोटो मिलने पर मामले का खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि पति पहले से शादीशुदा है। पीड़िता ने कार्रवाई की मांग की है।
केस-2
जलालाबाद निवासी महिला ने 27 मई को वन स्टॉप सेंटर में शिकायत की। उनका आरोप है कि पति ने पहली शादी की जानकारी छिपाकर विवाह किया। मोबाइल फोन की जांच में पहली शादी से जुड़े फोटो और दस्तावेज मिले। विरोध करने पर पति मारपीट करता है और तलाक की धमकी देता है।
केस-3
कैराना निवासी महिला ने 20 मई को शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि छह माह पूर्व प्रेम विवाह किया था, लेकिन बाद में पता चला कि पति पहले से सहारनपुर की एक युवती से विवाह कर चुका है। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जा रही है।
वन स्टॉप सेंटर प्रभारी गजाला त्यागी ने बताया कि पिछले तीन माह में ऐसे 14 मामले केंद्र पहुंचे हैं। इनमें से छह मामलों में समझौता करा दिया गया है, जबकि अन्य मामलों में काउंसलिंग के माध्यम से समाधान का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बेटी की शादी तय करने से पहले युवक के बारे में पूरी जानकारी अवश्य जुटाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के विवादों से बचा जा सके।
.............
परिजनों को सलाह
केवल भरोसे के आधार पर रिश्ता तय न करें।
शादी से पहले युवक की वैवाहिक स्थिति की पूरी जानकारी लें।
सोशल मीडिया और अन्य उपलब्ध माध्यमों से भी सत्यापन करें।
परिवार, रिश्तेदारों और स्थानीय स्तर पर पड़ताल अवश्य कराएं।
जल्दबाजी में लिया गया निर्णय बाद में विवाद का कारण बन सकता है।