एआरटीओ भवन निर्माण के लिए पहली किस्त जारी
शामली। जिला मुख्यालय पर सहायक संभागीय परिवहन (एआरटीओ) कार्यालय के भवन निर्माण के लिए शासन से वित्तीय वर्ष 2020-21 में पहली किस्त दो करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है।
शामली को जिला बने हुए साढ़े नौ साल हो गए हैं। अभी तक एआरटीओ कार्यालय के भवन का निर्माण नहीं हो सका है। एआरटीओ कार्यालय मुजफ्फरनगर मार्ग पर एसटी तिराहा के निकट किराए के भवन में चल रहा है। सारथी हॉल सहित एआरटीओ कार्यालय के लिए भैंसवाल रोड पर करीब 5500 वर्ग मीटर भूमि चिह्नित की गई है। भवन निर्माण की प्रारंभिक लागत 1016.85 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। एआरटीओ मुंशीलाल ने बताया कि शासन ने उप्र आवास एवं विकास परिषद को कार्यदायी संस्था नामित किया है। शासन ने निर्माण के लिए पहली किस्त के दो करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है। उन्होंने बताया कि बजट की पहली किस्त जारी होने से जल्द ही कार्यालय के भवन का निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।