शामली। कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर दूसरे राज्यों से आने वालों की निगरानी शुरू हो गई है। दूसरे राज्यों से आने वालों की सूचना देने के लिए कोविड कंट्रोल रूम बनाया गया है। डीएम जसजीत कौर ने एडवाइजरी जारी की है कि नागरिक अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और मास्क जरूर लगाएं।
डीएम जसजीत कौर की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि नागरिक अपने घरों के अंदर रहें। अनावश्यक रूप से घर से बाहर ना निकलें। बाजारों में भीड़भाड़ ना लगाएं। कोरोना महामारी का खतरा अभी टला नहीं है। इसलिए सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखें। इसके अतिरिक्त किसी भी समस्या के लिए जिला मुख्यालय पर कोविड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर नंबर- 01398-270203 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। आवश्यक रूप से घर से बाहर निकलें तो अनिवार्य रूप से अपने मुंह को फेस कवर, गमछा, रुमाल से ढककर निकलें।
डीएम ने कहा कि जनपद में कोरोना पॉजिटिव केस में लगातार वृद्धि हो रही है। महाराष्ट्र, केरल, दिल्ली, पंजाब आदि राज्यों से ट्रेन, बस व अन्य माध्यमों से आने वाले सभी यात्रियों की टेस्टिंग के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की हे कि आस पड़ोस में कोई भी व्यक्ति अन्य राज्यों से आता है, तो उसकी सूचना कोविड कंट्रोल रूम 01398-270203 नंबर पर दी जा सकती है ताकि स्वास्थ्य विभाग की टीम को घर भेजकर उन सभी की कोरोना जांच की जा सके।