शामली। एक युवक से साइबर के शातिरों ने पहले ऑनलाइन आठ लाख रुपये से ज्यादा की ठगी कर ली। जब उसने अपने रुपये वापस मांगे तो टैक्स के सात लाख रुपये की मांग की गई। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव खेड़ीकरमू निवासी आशीष कुमार ने बताया उसके पास अनजान मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया, जिसमें ऑनलाइन काम करने के लिए उनके द्वारा भेजा गया लिंक खोलकर जुड़ने के लिए कहा गया।
उसे होटल और दुकान पर रिव्यू लिखने के लिए कहा गया। एक रिव्यू लिखने पर 50 रुपये प्राप्त होने की बात कही गई। उसने ऐसा किया तो उसे दूसरा लिंक प्राप्त हुआ।
उसने उस पर भी रिव्यू लिख दिया। ये सब लिंक उसे एक टास्क के रूप में मिल रहे थे। इसके बाद उसे एक लिंक के माध्यम से टेलीग्राम से जोड़ा गया और उसके बैंक खाते की डिटेल मांगी गई तो उसके बैंक खाते में अलग-अलग तारीख में 4800 रुपये प्राप्त हुए। इसके बाद उसे एक लिंक के माध्यम से एप्लीकेशन भेजा गया और अलग-अलग खातों में 8,07,468 रुपये मंगवाए गए। पीड़ित के मुताबिक जब उसने अपने रुपये मांगे तो उसे टैक्स के रूप में सात लाख रुपये की मांग करने लगे। इसके बाद उसे ठगी का पता चला। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाना पुलिस से ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की। पुंलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।