नकुड़। गांव ढोल्लामाजरा में स्थित चारागाह की जमीन में आग लगने से एक हजार से अधिक पेड़ जल गए। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर बमुश्किल काबू पाया। आग के कारणों का अभी कुछ पता नहीं चल पाया है।
गांव ढोल्लामाजरा में श्मशान घाट के पास चारागाह की करीब 20 बीघा भूमि में कुछ साल पहले वन विभाग ने शीशम, सागौन व साल के एक हजार से अधिक पेड़ लगाए थे। बताया जाता कि सोमवार दोपहर पेड़ों के पास घास-फूस में आग लग गई। खेतों में काम कर रहे किसानों ने सूचना पुलिस व ग्राम प्रधान को दी। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर बमुश्किल काबू पाया, लेकिन तब तक आग फैल चुकी थी। गनीमत रही कि आग आसपास किसानों के खेतों में खड़ी गेंहू व गन्ने की फसल तक नहीं पहुंची। ग्राम प्रधान पति सम्राट चौधरी ने बताया कि आग लगने के कारण का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है।