कांधला। थानाक्षेत्र के गांव भभीसा में सड़क के चौड़ीकरण को लेकर दो पक्षों में मारपीट पथराव हुआ। जिसमें दो महिलाओं सहित चार लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थानाक्षेत्र के गांव भभीसा निवासी सेवाराम और पड़ोसी राजू के बीच कई दिनों से घर के सामने से जा रही सड़क के चौड़ीकरण कराने को लेकर विवाद चला आ रहा है। बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों के बीच सड़क चौड़ीकरण को कहासुनी हो गई। शोरशराबा होने पर दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट पथराव हुआ। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हल्का बल प्रयोग कर दोनों पक्षों के लोगों को मौके से भगाया। मारपीट पथराव में एक पक्ष से सेवाराम, तिरपाल, महिला कोमल और मालमती घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने अपना डाक्टरी परीक्षण कराने के बाद थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि एक पक्ष की और तहरीर मिली है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।