कांधला। गांव गंगेरू में ग्राम प्रधान और सपा छात्र सभा के जिलाध्यक्ष के समर्थकों में मारपीट हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के 17 लोगों को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान कर दिया।
रविवार शाम थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू निवासी डा. खालिद और उमरदीन पक्ष के बीच कहासुनी हो गई थी। दोनों पक्षों ने थाने पर एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इसकी सूचना पर ग्राम प्रधान के पति संजीव चौधरी कस्बे के राजकीय अस्पताल पहुंचे और दोनों पक्षों से वार्ता कर समझौते के लिए मनाया। इसी बीच सपा छात्र सभा के जिलाध्यक्ष राशिद जंग भी राजकीय अस्पताल पहुंच गए। राशिद जंग के अस्पताल पहुंचने पर ग्राम प्रधान पक्ष और राशिद जंग के समर्थकों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। सूचना पर थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर हल्का बल प्रयोग कर दोनों पक्षों को मौके से भगाया। पुलिस मौके से 17 लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आई और सोमवार को सभी का शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया।