साइड को लेकर मारपीट, नौ का शांतिभंग की आशंका में चालान
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में झिंझाना रोड पर शुक्रवार देर रात करनाल की तरफ से डंपर आ रहा था। उसी समय पीछे से आ रही कार को साइड न मिलने पर दोनों के चालकों के बीच कहासुनी हो गई। इसके लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस मामले में पुलिस ने एक पक्ष से मोहित, रवि, संदीप, गुलशन, गुलफाम और दूसरे पक्ष से तसव्वर, अमना, इनाम व इरशाद को पकड़कर शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया। इसके अलावा शुक्रवार रात का कंडेला के निकट ट्रक और कार चालक के बीच भी साइड को लेकर विवाद हुआ। दोनों के बीच मारपीट हुई। कोतवाल ने बताया कि इस मामले में दोनों के चालकों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है।
पति पर बच्चा छीनकर ले जाने का आरोप
कैराना। मोहल्ला छडियान गुली निवासी रेशमा ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका निकाह दो साल पहले कैराना निवासी युवक के साथ हुआ था। ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करते थे जिस कारण वह कई महीनों से अपने मायके में रह रही थी। आरोप है कि शुक्रवार रात उसका पति व चार अन्य उसके घर आए तथा मारपीट करते हुए उसका 10 माह का बेटा छीन कर ले गए। पुलिस ने तहरीर लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।
गाड़ी का पहिया चढ़ने से युवती का पैर घायल
कैराना। गांव बसेडा निवासी शहरीन अपनी मां तस्मीना के साथ शनिवार दोपहर कैराना में सामान खरीदने आई थी। चौक बाजार में तेज गति से जा रही बोलेरो के पहिए की चपेट में आने से उसका पैर घायल हो गया।