कांधला। कस्बा एलम में खेत में खड़ी तैयार गेहूं की फसल में पानी चलाने को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। जिसमें कई लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने थाने जाकर एक दूसरे के विरुद्ध तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
कस्बा एलम निवासी रोहताश व बबलू दोनों खेत के पड़ोसी है। पिछले काफी समय से दोनों पक्षों के बीच मेढ़ व चकरोड काटने को लेकर विवाद चल रहा है। रविवार सुबह रोहताश अपने खेत पर गया तो देखा कि खेत पड़ोसी बबलू ने ट्यूबवेल का पानी उसके खत की ओर चला रखा था। जिससे रोहताश के खेत में तैयार गेहूं की फसल को नुकसान पहुंच रहा था।
मामले को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। खेत पर कार्य कर रहे दोनों पक्ष के लोग भी मौके पर जमा हो गए। जिसके चलते विवाद बढ़ जाने के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। जिसमें दोनों ओर से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट के बाद मामला थाने पहुंच गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरुद्ध नामजद तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।