संवाद न्यूज एजेंसी
गढ़ीपुख्ता। क्षेत्र के गांव गढ़ी अब्दुल्ला खां में सोमवार रात पटाखा छुड़ाने के दौरान दो पक्ष आपस में भिड़ गए। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया, जिसमें एक पक्ष के दो लोग घायल हो गए। इस दौरान दोनों घायलों पर फायरिंग भी की गई। सूचना पर एएसपी पहुंचे और आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामला दो संप्रदाय से जुड़ा होने के कारण गांव में तनावपूर्ण स्थिति है।
गढ़ी अब्दुल्ला खां के रहने वाले राजेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पुत्र अंकुर और उसका दोस्त अरविंद गली में ही दीपावली पर पटाखे छुड़ा रहे थे। इस दाैरान कार में पलठेड़ी का रहने वाला शाबिर सात अन्य व्यक्तियों के साथ आया और बुलेट में जान बूझकर टक्कर मार दी। इससे अंकुर और अरविंद गिर गए। इतना ही नहीं खुशनूद ने जान से मारने की नियत से दोनों पर फायर भी किए। इसके बाद डंडों से हमला बोल दिया, जिसमें दोनों घायल हो गए। मामले की सूचना पुलिस को देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी मौके से भाग गए।
दोनों घायलों को ऊन सीएचसी में भर्ती कराया गया। सूचना पर एएसपी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि एक पक्ष ने तहरीर दी है। मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उधर, सुरक्षा की दृष्टि से मंगलवार को पुलिस ने गांव में फ्लैग मार्च भी निकाला।