कांधला। कस्बा एलम में फजलपुर माइनर की पटरी टूटने से दर्जनों किसानों की फसलें जलमग्न हो गईं। सोमवार को हुई इस टूट-फूट के बाद खेतों में पानी भर गया, जिससे सैकड़ों बीघा में खड़ी फसलें खराब हो गईं।
क्षेत्र के किसान जयवीर सिंह, अंकित पंवार, अक्षय, संजीव, नरेंद्र, यशवीर आदि का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। पूर्व में भी माइनर की पटरी टूटने से फसलें बर्बाद हुई थीं और शिकायत के बावजूद अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। किसानों ने बताया कि सोमवार को माइनर की पटरी दोबारा टूटने की सूचना उन्होंने तुरंत विभागीय अधिकारियों को दी, लेकिन कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे किसानों में भारी रोष है। किसानों ने अब जिलाधिकारी से शिकायत कर जल्द से जल्द माइनर की मरम्मत कराने और फसलों के नुकसान की भरपाई की मांग की है।