कांधला। गन्ने का भुगतान न होने के कारण आक्रोशित किसानों ने मिल के तौल केंद्र को उखाड़ कर फेंक दिया। किसानों ने चेतावनी दी है कि जब तक गन्ना भुगतान नहीं हो जाता गांव में तौल केन्द्र नहीं लगने दिया जाएगा।
थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी रामकौर में तितावी मिल का गन्ना तौल केंद्र लगा हुआ है। शुक्रवार दोपहर किसान तौल केंद्र पर पहुंचे और हंगामा कर दिया। किसान कलीराम, लक्ष्मण सिंह, उदल सिंह, सुरेंद्र सिंह सतपाल आदि का कहना है कि पिछले वर्ष का गन्ने का भुगतान अभी तक नहीं हो पाया है। मिल ने नए सत्र के लिए अपने तौल केंद्र को लगाना शुरू कर दिया है।
इससे आक्रोशित किसानों ने तौल केंद्र को उखाड़कर फेंक दिया और चेतावनी दी है कि जब तक किसानों का पिछला गन्ने का भुगतान नहीं हो जाता है। गांव में तौल केन्द्र को नहीं लगने दिया जाएगा। किसानों के अनुसार गन्ने का भुगतान न होने के कारण उनको अनेकों परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बार-बार आश्वासन के बाद भी मिल उनका भुगतान नहीं कर रहा है। अगर बकाया गन्ना भुगतान नहीं किया गया, तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान वहां पर हंगामा करने वालों में किसान राजेंद्र ,हरिमोहन, देवेंद्र, उदलसिंह, मनोज, सुमेर, रामफल आदि मौजूद रहे।
प्रशासन से तितावी चीनी मिल का सेंटर हटवाने की मांग
शामली। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान न होने पर तितावी शुगर मिल के खिलाफ किसानों में रोष थम नहीं रहा। तीन गांव के किसानों ने एडीएम को ज्ञापन देकर कहा कि गांवों का गन्ना क्षेत्र तितावी शुगर मिल से हटाकर थानाभवन अथवा टिकौला शुगर मिल से जोड़ा जाए। किसानों ने स्पष्ट कहा कि हम तितावी शुगर मिल को गन्ना नहीं देंगे।
शुक्रवार को जिला पंचायत सदस्य देशराज भनेड़ा के नेतृत्व में गांव भनेडा जट, कासोपुर और कांजरहेडी के किसान इकट्ठा होकर कलक्ट्रेट पहुंचे। वहां अपर जिलाधिकारी भरतजी पांडेय से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। कहा कि उनके गांवों के किसान तितावी शुगर मिल को गन्ना देते आए हैं, मगर चीनी मिल प्रबंधन ने बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं किया।
कई बार किसान धरना प्रदर्शन कर चुके हैं, इसके बावजूद चीनी मिल प्रबंधन मनमानी पर उतरा हुआ है। मांग है कि इन गांवों के गन्ना क्षेत्र को तितावी शुगर मिल से हटाकर थानाभवन चीनी मिल अथवा टिकौला चीनी मिल से जुड़वाया जाए। इस दौरान उपेंद्र सिंह, विकास कुमार, चरण सिंह, ओमवीर सिंह, मनोज कुमार, दीपक कुमार, बिजेंद्र, यशपाल सिंह, नत्थू सिंह, अरविंद कुमार, अमित कुमार, सहदेव, सतीश, इंद्रपाल सिंह आदि मौजूद रहे।