शामली/ऊन/कैराना। किसान कल्याण मिशन के तहत शामली, ऊन और कैराना ब्लॉक में आयोजित किसान मेलों में किसानों को जैविक खेती के प्रति जागरूक किया गया। शामली के नवीन मंडी स्थल में आयोजित मेले में जिला कृषि रक्षा अधिकारी विकास कुमार ने सम-सामयिक फसल सुरक्षा के बारे में बताया। उप कृषि निदेशक डॉ. शिवकुमार केसरी कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में आ रही कठिनाइयों के संबंध में किसान कार्यालय में संपर्क कर समाधान करा सकते हैं। उन्होंने पोर्टल के जरिए समाधान के तरीके बताए।
किसान मेले का शुभारंभ शामली विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर जानकारी ली। कृषि विज्ञान केंद्र शामली के प्रभारी डा. सतीश कुमार ने बीज उत्पादन तकनीक की जानकारी दी। उद्यान विभाग के नरेश कुमार ने किसानों से सब्जी, फल एवं फूलों की खेती करने के लिए कहा।
सुशील कुमार सिरोही ने बताया कि फल, सब्जी के संरक्षण जैसे अचार, मुरब्बे आदि बनाकर किसान लाभ उठा सकते हैं। किसान मेले को मंडी समिति सचिव अरुण कुमार, गन्ना विभाग से प्रेमनारायण शुक्ल, डॉ. सुखबीर सिंह, डॉ. राजपाल सिंह आदि मौजूद रहे। मौके पर विधायक ने 60 किसानों को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया।
कृषि सुधारों का अपनाएं : सांसद प्रदीप चौधरी
ऊन ब्लॉक में मुख्य अतिथि सांसद प्रदीप चौधरी ने कहा कि सरकार कृषि योजनाओं से व्यवस्था परिवर्तन कर रही है। उन्होंने कृषि सुधारों को अपनाते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि किसानों की प्रत्येक समस्या का समाधान सरकार द्वारा किया जाएगा। कृषि कानूनों से ना तो किसान की जमीन बंधक होगी ना ही एमएसपी खत्म होगा। किसानों की जो भी आपत्ति थी उन्हें भी मान लिया गया है। उन्होंने किसानों से फसल चक्र अपनाने को कहा। सांसद ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से दिव्यांगों को 29 ट्राई साइकिल, 6 व्हील चेयर, 32 बैसाखी, चार छड़ी, एग्रो लेटर, चार कान की मशीन, एक स्मार्ट केन वितरित किए। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर, सीडीओ शंभूनाथ तिवारी, डीएओ डॉ हरिशंकर, कृषि विज्ञान केंद्र शामली से डॉ. ओंकार सिंह, पीडी ज्ञानेश्वर तिवारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान आदि मौजूद रहे।
गोबर को सिंचाई के साथ खेत में डालें : डॉ. शीशपाल
कैराना ब्लॉक में कृषि विज्ञान केंद्र शामली के प्रोफेसर डॉ शीशपाल ने बताया कि खेतों में रसायनिक दवाइयों के इस्तेमाल से भूमि में पोषक तत्वों की कमी आ गई है। भूमि की उपजाऊ शक्ति बहुत कम होती जा रही है। उपज शक्ति बढ़ाने के लिए सूक्ष्म जीवों की जरूरत। भूमि को अधिक उपजाऊ बनाने के लिए देशी गाय के गोबर से बनी खाद का उपयोग करें। किसानों को जैविक खेती का तरीका अपनाना पड़ेगा। देशी गाय के गोबर में पानी, गुड़, बेसन आदि डालकर अधिक पोषक तत्वों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। गोबर को सिंचाई के साथ खेत में डालें। इसके साथ ही फसलों के अवशेषों को खेतों पर ही फैलाकर नष्ट करें। मुख्य अतिथि एमएलसी विरेंद्र सिंह ने किसान मेले में लगी प्रदर्शनी का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली। किसान रासायनिक खेती त्यागकर जैविक खेती अपना लें। हर फसल के साथ दलहनी फसल भी उगाएं। मेले में उपायुक्त एनआरएलएम शैलेन व्यास, एडीओ अमित कुमार, डॉ. संजीव कुमार, भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ नीरजा सिंह, मोहित कुमार, जगदीश चौहान, सतपाल सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।
------------
किसानों ने लगाया उत्पीड़न का आरोप
ऊन। किसान मेले में अग्रणी जिला प्रबंधक शैलेष कुमार के सामने किसानों ने किसान क्रेडिट कार्ड के नाम पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। इसके अलावा किसानों सीडीओ के सामने निराश्रित पशुओं तथा बिजली विभाग द्वारा किसानों का उत्पीड़न करने का मुद्दा उठाया। मेले में विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। बाद में जब सांसद प्रदीप चौधरी कार्यालय में बैठकर जन समस्या सुन रहे थे तभी गांव पावटी कला के ग्रामीण आपस में झगड़ पड़े जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत किया।
38 किसानों और महिलाओं को प्रमाणपत्र वितरित किए
कैराना। कृषक मेले के दौरान कृषि विभाग द्वारा जैविक खेती करके अच्छी फसल उगाने पर 15 किसानों को, गन्ना विभाग द्वारा तीन किसानों को, भूमि संरक्षण के तहत पांच किसानों को, उद्यान विभाग द्वारा 10 किसानों को, दो आजीविका सखियों को, गुड़ उत्पादन पर एक को, प्रेरणा पोषण वाटिका के तहत एक को तथा जैविक खाद बनाने पर एक किसान को प्रमाणपत्र दिए गए। मेले में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। सखी वन स्टाप सेंटर ने महिलाओं के प्रति हिंसा व महिला अधिकारों की जानकारी दी गई। कृषि विभाग ने किसान सम्मान निधि के लिए 10 किसानों के आवेदन पत्र जमा किए।
शामली नवीन मंडी परिसर में आयोजित कृषक मेले में लगी प्रदशर्नी को देखते विधायक तेजेन्द्र निर्वाल ?- फोटो : SHAMLI
शामली नवीन मंडी परिसर में आयोजित कृषक मेले में बोलते भाजपा नेता प्रशन्न चौधरी- फोटो : SHAMLI
शामली नवीन मंडी परिसर में आयोजित कृषक मेले में भाग लेती आंगवाडी कार्यकर्ता व किसान- फोटो : SHAMLI