किसान अपने मोबाइल फोन का इनबॉक्स खाली रखें
शामली। जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर सिंह ने बताया कि पेराई सत्र 2020-21 में गन्ना पर्चियां केवल एसएमएस पर्ची के रूप में गन्ना किसानों के ईआरपी में पंजीकृत मोबाइल फोन नंबर पर भेजी जाएंगी। एसएमएस पर्ची से किसानों को गन्ना आपूर्ति करने का पर्याप्त समय मिलेगा। किसान अपने मोबाइल फोन नंबर का इनबॉक्स खाली रखें।
डीसीओ ने किसानों से अनुरोध किया कि गन्ना समिति में पंजीकृत मोबाइल फोन नंबर की जांच कर लें, नंबर गलत है तो उसे गन्ना समिति के माध्यम से अथवा ई- गन्ना एप के द्वारा स्वयं अपना सही नंबर अपडेट कर लें। प्रदेश के गन्ना एंव चीनी आयुक्त संजय आर भूसरेड्डी के निर्देश पर वर्तमान पेराई सत्र 2020-21 में कृषकों को गन्ना पर्चियां केवल एसएमएस के रुप में मोबाइल फोन पर भेजी जाएगी।
उन्होंने बताया कि क्रय केंद्रों पर प्रतिदिन होने वाली तौल की रिपोर्ट भी चस्पा की जाएगी। जिसके माध्यम से भी कृषक अपनी पर्ची के विषय में जान सकेंगे। इसलिए यह आवश्यक है कि ईआरपी पर गन्ना कृषकों का सही मोबाइल फोन नंबर पंजीकृत हो। एसएमएस इनबॉक्स भरा होने, मोबाइल स्विच ऑफ होने एवं डीएनडी एक्टिवेट होने की स्थिति में एसएमएस पर्ची का संदेश 24 घंटे के बाद स्वयं निरस्त हो जाता है। जिसके कारण किसानों को अपनी एसएमएस पर्ची की जानकारी प्राप्त नहीं हो सकेगी। मोबाइल फोन को चार्ज करके चालू दशा में रखें। डीएनडी को एक्टिवेट न करें ताकि सर्वर द्वारा प्रेषित पर्ची उनके मोबाइल पर उन्हें सही समय में प्राप्त हो जाए।