शामली। गन्ना क्रय केंद्र चालू करने में चीनी मिल प्रबंधन की मनमानी से परेशान फुगाना क्षेत्र के किसानों का आक्रोश भड़क गया। भाकियू प्रदेश सचिव के नेतृत्व में किसानों ने जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन कर जिला गन्ना अधिकारी को दो घंटे तक अपने बीच बैठाए रखा और खूब खरी खोटी सुनाई।
बुधवार सुबह फुगाना क्षेत्र के दर्जनों किसान डीसीओ कार्यालय पहुंचे और धरना देकर बैठ गए। इसके बाद किसानों ने डीसीओ को अपने बीच बुला बैठा लिया। भाकियू प्रदेश सचिव ओमपाल मलिक ने बताया कि फुगाना में सात गन्ना क्रय केंद्र हैं। पिछले साल ये सभी केंद्र खतौली चीनी मिल से जुड़े थे।
इस बार साजिश के तहत पांच केंद्र खतौली को दे दिए, जबकि दो केंद्रों को बुढ़ाना स्थित भसाना चीनी मिल से जोड़ दिए गए। आरोप है कि भसाना चीनी मिल ने जानबूझकर उक्त दोनों क्रय केंद्र चालू नहीं कराए। ओमपाल मलिक ने बताया कि इन दोनों क्रय केंद्रों से क्षेत्र के करीब 350 किसान जुड़े हैं।
फसल तैयार हो चुकी है, लेकिन क्रय केंद्र चालू नहीं होने से किसान अपना गन्ना नहीं डाल पा रहे हैं। डीसीओ अनिल भारती से कहा कि उक्त दोनों क्रय केंद्रों को शीघ्र चालू कराया जाएगा। इस दौरान कृष्णपाल चौधरी, बलधार सिंह, अनमेक सिंह, रवींद्र कुमार, कालूराम शर्मा, उदयवीर सिंह, गुड्डू, रामपाल सिंह, राजेंद्र सिंह, बिजेंद्र, सतबीर, जयवीर मुखिया, बबलू, कृष्णपाल शर्मा और लक्ष्मण शर्मा आदि रहे।