ऊन। गांव सिंभालका में ऊन चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर किसानों ने घटतौली का आरोप लगाकर हंगामा किया। किसानों ने संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर जिलाधिकारी से भी इसकी शिकायत की।
किसान राजवीर की गन्ने से लदी बुग्गी का धर्म कांटे पर 32.75 क्विंटल वजन दिखाया गया जबकि क्रय केंद्र पर 32 क्विंटल वजन रहा। इस पर किसानों ने घटतौली का आरोप लगाते हुए केंद्र पर हंगामा कर दिया। इसके बाद किसान संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे तथा जिलाधिकारी से केंद्र पर घटतौली की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। इस दौरान राजवीर चौधरी, अशोक चौधरी, पिंटू, छोटा, संजीव कुमार, नीटू, विकास आदि मौजूद रहे।