जलालाबाद। गांव हसनपुर लुहारी में कई किसानों के खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 17वीं किस्त नहीं पहुंच पाई है। दो हजार रुपये की यह राशि किसानों के खातों में न पहुंचने से किसान अपनी पासबुक लेकर बैंकों के चक्कर काट रहे हैं। किसानों ने बताया कि पहले किस्त आ रही थी, लेकिन इस बार किश्त उनके खाते में नहीं पहुंची है। खातों में राशि न पहुंचने के कारण किसान निराश होकर बैंकों से बैरंग लौट रहे हैं।
सरकार की योजना के अनुसार किसान सम्मान निधि से किसान को दो हजार रुपये मिलते हैं। अब तक किसान सम्मान निधि के रूप में किसानों को 17वीं किश्त मिलनी थी। इसका किसान बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, लेकिन अबकी बार किसानों का इंतजार खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। किसान बाबूराम, अन्वर, संता, लता देवी का कहना है कि अब तक उनको किसान सम्मान निधि मिल रही थी। लेकिन अब दो बार से उनके खाते में सम्मान निधि की किश्त नहीं पहुंची है। वह आए दिन पासबुक लेकर बैंक के चक्कर काट रहे हैं। प्रधानमंत्री सम्मान निधि की 16 किस्तें से पहले बिना किसी परेशानी के उन्हें मिल गईं, लेकिन अब दो बार से यह राशि उनके खातों में नहीं पहुंच पाई है। वहीं बैंक अधिकारी किसान कार्यकाल में जाकर जानकारी लेने की बात कह रहे हैं। साथ ही कुछ किसानों को अपने खाते की दोबारा केवाईसी करने को कहा है। कृषि अधिकारी का कहना है कि किसानों को यदि किसी तरह की समस्या है तो कार्यालय में आकर मिल लें, समाधान कराया जाएगा।