थानाभवन। सर्विस रोड के वादे से मुकरने और खेत से मिट्टी उठान के बाद मुआवजा नहीं देने पर किसान भड़क गए।
बृहस्पतिवार को किसान स्वाभिमान एसोसिएशन के तत्वाधान में दिल्ली- देहरादून हाईवे पर ग्राम ख्यावड़ी में चार गांवों के किसानों ने धरना दिया। धरने की सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार को ज्ञापन देकर शीघ्र मांगें पूरी कराने की मांग की।
बृहस्पतिवार को गांव ख्यावड़ी में लुहारी, कादरगढ़, ख्यावड़ी, बिरालसी के किसान धरने पर रहे। जिसमें निर्माण कंपनी द्वारा सर्विस रोड के आश्वासन से मुकरने, संदीप पुत्र श्रीपाल की भूमि पर पिलर बनाने के बावजूद मुआवजा न देने, सतीश पुत्र नानक बिरालसी की चार बीघा भूमि से मिट्टी उठाने का पैसा न देने, दमन बिरालसी की दस बीघा भूमि से 15 फुट तक मिट्टी उठाने व पैसा न देने व खेत को समतल न करने, राम कुमार, सतीश, सुभाष के खेत मिट्टी उठाने के लिए बनाए गए रास्ते को समतल न करने, किसान धर्मवीर, राकेश, वीरसिंह के लगभग 70 लाख का भुगतान न करना आदि मांगे शामिल रही।
सात सूत्रीय मांग पत्र धरना स्थल पर पहुंचे नायब तहसीलदार सतीश यादव को दिया गया। किसानों ने प्रोजेक्ट मैनेजर शिव मोहन पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप भी लगाया।
नायब तहसीलदार ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनका ज्ञापन उच्चधिकारियों तक पहुंचाकर कार्रवाई कराई जाएगी। धरना स्थल पर धर्मवीर, संदीप कुमार, संजय कुमार, नवीन कुमार, शिव कुमार, दमन शर्मा, राजेश कुमार, शोभाराम, नेत्रपाल रहे।