कैराना। करीब 12 गांवों के आवागमन के लिए अंडरपास व पुल बनवाने की मांग को लेकर किसानों का तीसरे दिन भी धरना जारी रहा। किसान अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
हरियाणा के पानीपत से नगीना तक 709 एडी नेशनल हाईवे का निर्माण कार्य बड़ी तेजी से चला हुआ है। नेशनल हाईवे का निर्माण करा रही जीआर इंफ्रा कंपनी कैराना के गांव मवी के पास तीव्र मोड़ पर एक अंडरपास और पुल का निर्माण कार्य भी कराया जा रहा था। तीन दिन पहले गांव पंजीठ, बुच्चाखेड़ी, झाड़खेड़ी, मामौर, मवी, हैदरपुर नंगलाराई रामड़ा व काकौर आदि गांवों के ग्रामीण व किसान निर्माणाधीन अंडरपास व पुल का निर्माण कार्य बंद कराकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए थे। किसानों की मांग है कि पंजीठ रामड़ा चौराहे पर सभी गांवों के आवागमन के लिए अंडरपास व पुल का निर्माण कराया जाए।
शनिवार को एसडीएम संदीप कुमार व सीओ जितेंद्र कुमार किसानों के बीच पहुंचे थे और किसानों से धरना समाप्त करने की अपील की गई थी, लेकिन किसान नेशनल हाईवे का निर्माण करा रही जीआर इंफ्रा कंपनी पंजीठ चौराहे पर अंडरपास व पुल का निर्माण कार्य शुरू करने के बाद ही धरना समाप्त करने की मांग पर अड़े रहे। जिसके बाद एसडीएम ने उच्चाधिकारियों से वार्ता कर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया था। तीसरे दिन धरना स्थल पर मेनपाल पंवार, पहल सिंह सैनी, संजय, धर्मवीर, अमित राणा, मुनव्वर, सरवर, दीपक, मित्रसेन, प्रमोद, महिपाल, भोपाल, विपिन, प्रमोद सैनी, हारून, नासिर, इकराम, राजू, आसिफ, गुफरान, राजकुमार मौजूद रहे।