पीलीभीत में सिपाही की मौत से परिजनों में मचा कोहराम
थानाभवन (शामली)। क्षेत्र के गांव उस्मानपुर निवासी यूपी पुलिस के सिपाही जितेंद्र का पीलीभीत के बिलसंडा क्षेत्र में सड़क किनारे कार में गोली लगा शव मिला है। सिपाही की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। आशंका जताई जा रही है कि सिपाही ने आत्महत्या की है।
गांव उस्मानपुर गांव निवासी जितेंद्र कुमार पीलीभीत के बिलसंडा थाने में तैनात थे। फिलहाल उनकी ड्यूटी डायल 112 पर चल रही थी। ग्रामीणों के मुताबिक जितेंद्र समेत सात भाई-बहन हैं। तीन भाइयों में जितेंद्र सरकारी नौकरी पर यूपी पुलिस में सिपाही था। 2016 बैच के जितेंद्र की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी। उसका तीन साल का बच्चा है। बताया गया है कि जितेंद्र ने पहले फेसबुक लाइव पर रोते हुए खुद को नौकरी से परेशान होने और मानसिक तनाव में होना बताया। इसके कुछ देर बाद ही उसका गोली लगा शव कार में मिला है। इससे उसके आत्महत्या किया जाना बताया जा रहा है। सिपाही की पत्नी भी पीलीभीत में ही आरक्षी के पद पर तैनात है। एसपी सुकीर्ति माधव का कहना है कि सिपाही के बारे में अभी तक उनके पास ऐसी कोई सूचना नहीं आई है।