शामली। दीपावली पर खरीदारी और ऑनलाइन लेनदेन बढ़ने के साथ साइबर ठग भी सक्रिय हो गए हैं। लोगों को कैशबैक, शॉपिंग डिस्काउंट और त्योहार के विशेष ऑफर का लालच देकर मोबाइल पर फर्जी मैसेज भेजे जा रहे हैं। इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करने से बैंक खाते से रकम निकलने का खतरा है।
अनजान लिंक से रहें सावधान
साइबर ठग बैंक और ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों के नाम से मिलते-जुलते फर्जी संदेश भेजते हैं। ऐसे लिंक पर क्लिक करने से मोबाइल में संदिग्ध एप डाउनलोड हो सकता है। बैंक कभी भी फोन या मैसेज के जरिए ओटीपी, एटीएम पिन और पासवर्ड नहीं मांगता। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि त्योहारों पर साइबर अपराधी आकर्षक ऑफर और कैशबैक का लालच देकर ठगी का प्रयास करते हैं।
अनजान नंबर से आए लिंक न खोलें और बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें। ऑनलाइन खरीदारी आधिकारिक एप और विश्वसनीय वेबसाइट से ही करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या cybercrime.gov.in पर शिकायत करें।