कैराना। सीडीओ ने कैराना सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी पर देरी से आने पर तीन कर्मचारियों को चेतावनी दी गई और गैरहाजिर मिलने पर दो चिकित्सकों का एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे सीडीओ विनोद कुमार कैराना सीएचसी पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले उपस्थिति रजिस्टर देखा। तीन डाक्टरों के देरी से आने पर उन्हें चेतावनी दी और दो कर्मचारियों के न आने पर उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
इसके बाद सीडीओ ने वार्ड का निरीक्षण किया और मरीजों के बेड के एक गद्दे पर कवर नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने प्रसव कक्ष, एक्स रे रूम का निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर में साफ सफाई रखने के निर्देश दिए।
बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों की कमी के बारे में उच्चाधिकारियों को लिखेंगे। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सलीम को अलीपुर गांव में फैल रही हेपेटाइटिस सी बीमारी की जांच और उपचार के लिए गांव में टीम भेजे जाने के आदेश दिए।
डॉ. सलीम ने बताया कि उनके अस्पताल में हेपटाइटिस सी जांच की किट उपलब्ध नहीं है। सीडीओ ने इस संबंध में भी उच्चाधिकारियों से वार्ता करने का आश्वासन दिया। बताया कि अमर उजाला समाचार पत्र पढ़कर उन्हें गांव में बीमारी के फैलने की जानकारी मिली, इस ओर प्रभावी कदम उठाए जाएं।