शामली के कैराना में ग्रीन यूपी क्लीन यूपी के तहत सोमवार को जिलाधिकारी की देखरेख में बरनावी, मलकपुर, अकबरपुर सुनहेटी, बीबीपुर हटिया आदि गांवों में वन विभाग की भूमि पर पौधरोपण किया गया।
सोमवार सुबह 10 बजे ग्राम बरनावी में वन विभाग की 117 हेक्टेयर भूमि पर जिला वनाधिकारी ओपी अमबष्ट के नेतृत्व में पौधरोपण का कार्य शुरू किया। वन विभाग की भूमि पर जूली फ्लोरा (पहाड़ी कीकर), सोहजी (अर्जुन) सागोन और कन्जी आदि के पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम के दौरान उप्र योजना आयोग के सदस्य डॉ. सुधीर पंवार, जिलाधिकारी सुजीत कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार झा भी बरनावी पहुंचे तथा पौधरोपण किया। जिला वनाधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत जिलेभर में दो लाख 55 हजार पौधे लगाए गए।
बताया कि बरनावी के अलावा बीबीपुर हटिया, अकबरपुर सुनहेटी, मलकपुर आदि में भी पौधरोपण कार्य किया जा रहा है। इस कार्य में शिक्षा विभाग के अध्यापक गवाह बने है। पालिका परिषद कैराना की और से पानी के टैंकर उपलब्ध कराए गए है। साथ ही चिकित्सा विभाग की ओर से एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई है। बरनावी में पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के दृष्टि से पुलिस भी तैनात रही। क्योंकि वन विभाग की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर विवाद की स्थिति भी बनी हुई थी।
पौधरोपण से होगा पर्यावरण संरक्षण : वीरेंद्र सिंह
कांधला। ग्रीन यूपी क्लीन यूपी योजना के अंतर्गत गंगेरू इस्सोपुरटील मार्ग सहित कई अन्य स्थानों पर सपा एमएलसी, सीओ सिटी, चेयरमैन कांधला सहित कई स्कूलों के छात्र छात्राओं ने पौधरोपण किया। इस दौरान सपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि ग्रीन यूपी क्लीन यूपी योजना के तहत प्रदेश भर में पांच करोड़ पौधों का रोपण किया गया। पौधे लगाने से कई फायदे हैं। एक दो घटते भूजल स्तर को सही करने में मदद मिलेगी। वहीं पर्यावरण संरक्षण होगा, जिससे मानव जीवन को फायदा होगा। उनके साथ कांधला नगरपालिका चेयरमैन वाजिद हसन, डीएफओ ओपी अमबष्ट, तहसीलदार अभयराज पांडे ने कहा कि पौधरोपण करने के साथ ही पौधे को सींचना तथा देखभाल करते रहना सभी की जिम्मेदारी है। उधर, सीओ सिटी निशांक शर्मा ने कांधला थाना परिसर में पौधारोपण किया।
सीओ ने कहा कि खुशहाल जीवन जीने के लिए आसपास के वातावरण को शुद्ध रखना होगा। कस्बा कांधला के हिन्दू इंटर कालेज के प्रधानाचार्य पुरुषोत्तम दास ने कालेज के छात्रों के साथ व संत गोरखनाथ चिल्ड्रेन एकेडमी के छात्र छात्राओं ने नगर पालिका परिषद व पुलिस स्टेशन में पौधारोपण किया।
इस दौरान क्षितिज मित्तल, फुरकान जंग, नसीम नरेश सैनी, अमित, निक्की, अमन, सहित आदि लोग मौजूद रहे।