शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव खेड़ीकरमू में शुक्रवार की देर रात फैक्टरी में काम करने वाले श्रमिक राजेंद्र कश्यप (45) का शव मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।
राजेंद्र कश्यप मूल रूप से आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव बधेव का निवासी था। वह करीब पांच साल से खेड़ीकरमू में किराये के मकान में पत्नी व करीब आठ वर्ष के बेटे के साथ साथ रह रहा था। वह कंडेला स्थित चम्मच बनाने की फैक्टरी में काम करता था जबकि उसकी पत्नी दुर्गा गांव खेड़ीकरमू में चम्मच बनाने की फैक्टरी में काम करती है। शुक्रवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे गांव में घर से थोड़ी दूरी पर स्थित नाले के पास राजेंद्र का शव पड़ा मिला।
सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। सीओ सिटी जितेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि राजेंद्र शराब पीने का आदी था। वह रोज की तरह घर से रात करीब आठ बजे गया था। उसकी जेब से शराब का पाउच मिला है। शरीर पर कहीं बाहरी चोट का निशान नहीं मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का सही कारण पता चल सकेगा। इस मामले में परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है।