शामली। जिला अस्पताल में नेत्र सर्जन डॉ. शबीब के इस्तीफा देने के बाद से मरीजों के आंखों के ऑपरेशन बंद चल रहे हैं। ऑपरेशन न होने से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
चार दिन पहले बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. किशोर कुमार आहूजा को नेत्र सर्जन डॉ. शबीब ने पारिवारिक कारण बताते हुए इस्तीफा सौंप दिया था। इसके बाद से जिला अस्पताल में आंखों के ऑपरेशन बंद चल रहे हैं। उपचार के नाम पर अब मरीजों की सिर्फ आंखों की जांच की जा रही है। उधर, डॉ. शबीब की आईडी पर सहारनपुर के निजी अस्पताल में आयुष्मान योजना का लाभ लिए जाने का मामला सामने आ चुका है। इस मामले मेंं सीएमएस ने दो चिकित्सक डॉ. अनुरागी और डॉ. कर्मवीर की टीम गठित कर पांच दिन में जांच रिपोर्ट मांगी हुई है। इसके अलावा सहारनपुर के सीएमओ को भी पत्र भेजकर इस संबंध में जानकारी मांगी गई है। सीएमएस का कहना है कि अभी जांच रिपोर्ट नहीं मिली है।
एसीएमओ को सौंपी जाए जिम्मेदारी
मरीज सुनील कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता फरहत खान का कहना हे कि स्वास्थ्य विभाग में एसीएमओ डॉ. विनोद कुमार नेत्र सर्जन है। विनोद कुमार को ऑपरेशन की जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों को सौंपनी चाहिए। मामले को लेकर जल्द ही डीएम से मिलने की भी बात कहीं है।