कैराना। परचून के थोक व्यापारी से फोन पर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले का खुलासा नहीं होने पर व्यापारियों में आक्रोश है।
करीब 15 दिन पूर्व चौक बाजार में व्यापारी सचिन से बदमाशों ने पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। चार दिन बाद ही मोहल्ला आलदरम्यान निवासी रहे दानिश के मकान पर 10 लाख रुपये की रंगदारी की चिट्ठी आई थी।
इन दोनों मामलों में पुलिस अभी तक खाली हाथ है। सोमवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग के नेतृत्व में व्यापारी सचिन की दुकान पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि व्यापारियों पर अत्याचार हो रहे हैं। उनके साथ आए दिन लूट, अपहरण और रंगदारी मांगने के मामले हो रहे हैं। प्रदेश सरकार व्यापारियों को सुरक्षा देने मे विफल हो रही है। संजय राजपूत, अनिल गुप्ता, वरुण सिंघल आदि रहे।