समाज के हर व्यक्ति तक मदद पहुंचाना सभी का कर्तव्य
शामली। चाइल्ड लाइन, ह्यूमन यूनिटी मूवमेंट राष्ट्रीय सेवा योजना उत्तर प्रदेश और यूनिसेफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय वेबिनार कोविड-19 बच्चों की स्थिति एवं हमारी भूमिका का आयोजन किया गया। विशेष कार्य अधिकारी एवं राज्य संपर्क अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना लखनऊ से आए संगोष्ठी संयोजक डॉक्टर अंशुमाली शर्मा ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान समाज के हर व्यक्ति तक मदद पहुंचाना हमारा कर्तव्य है।
वेबिनार में आमंत्रित अतिथि पुनीत मिश्रा उपनिदेशक महिला कल्याण विभाग यूपी, डॉ रश्मि सोनी, मनोचिकित्सक, डॉ अशोक श्रोति, क्षेत्रीय निदेशक राष्ट्रीय सेवा योजना, डॉ संगीता शर्मा चाइल्ड वेलफेयर कमेटी सदस्य, डाक्टर केए पांडे एसोसियेट प्रोफेसर राममनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविध्यालय लखनऊ समेत अनेक लोग शामिल रहे। एसआईटी डायरेक्टर ललिता प्रदीप ने कहा कि समाज के प्रति स्वार्थ रहित सेवा के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना ने लॉकडाउन के समय अपनी सेवाएं प्रदान की हैं और यथाशक्ति लोगों को संकट का सामना करने के योग्य बनाने में सहयोग दे रहे हैं। पुनीत मिश्रा ने कहा कि कोविड-19 के दौरान तकरीबन 600 बच्चों को बाल संरक्षण गृह से छोड़ दिया गया था। डाक्टर रश्मि ने कहा परेशानियों से जूझना और हराना हमारी सकारात्मकता पर निर्भर करता है। सुधीर मिश्रा ने कहा कि संकट के समय खुश रहना सरल नहीं है। चाइल्ड प्रोटेक्शन स्पेशलिस्ट यूनिसेफ आफताब मोहम्मद ने कहा कि चाइल्ड केयर से संबंधित इश्यू, सरकारी व गैर सरकारी कार्य करने वाली संस्थाएं व उनके संपर्क सूत्र सभी एकत्रित कर समूहीकरण कर कार्य का क्रियान्वयन करना चाहिए। संगीता शर्मा ने कहा कि इस वेबिनार के जरिए एनएसएस के युवाओं की मदद से रिमांड होम में रह रहे बच्चों को स्किल डेवलपमेंट के माध्यम से रोजगार परक शिक्षा दे सकते हैं। वेबिनार प्रश्न पूछे गए अतिथियों ने उनके प्रश्नों का उत्तर देकर उनकी जिज्ञासा को शांत किया।