आठ दिन बाद भी शवों की नहीं हुई पहचान
शामली/झिंझाना। झिंझाना थानाक्षेत्र में आठ दिन पहले अलग-अलग स्थानों पर दो शव मिले थे, जिनकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। बताया गया है कि इनमें पुलिस को सिकंदरपुर के जंगल में मिले शव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिसके आधार पर पुलिस खुलासे के करीब पहुंच गई है। इस मामले में कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
आठ दिन पहले 27 जून को गांव अलीनगर की काठा नदी में कई दिन पुराना युवक का शव मिट्टी में दबा हुआ मिला था। इसके कुछ समय बाद ही गांव सिकंदरपुर के जंगल में युवक का शव मिला था। दोनों शव की पहचान न होने पर अज्ञात में पोस्टमार्टम को भेजे गए थे, तब से पुलिस शवों की पहचान कराने में जुटी है। बताया गया है कि सिकंदरपुर में मिले शव के मामले में पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ में महत्वपूूर्ण जानकारी मिली है, जिन्हें पुलिस पुष्टि करने में जुटी है। इस आधार पर जल्द ही इस केस का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सिकंदरपुर में मिले शव की घटना का खुलासा होने की उम्मीद है।