शामली। गांव कुड़ाना और बाबरी क्षेत्र के गांव चूनसा व कंजरहेड़ी में शनिवार रात को चोरों ने 25 से अधिक नलकूपों से केबल व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। नलकूपों पर चोरी की वारदातों को लेकर किसानों में रोष व्याप्त है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। किसानों ने नलकूपों से करीब ढाई लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान होना बताया है।
गांव कुड़ाना में चोरों ने गांव के जंगल में लगे सरकारी नलकूप के अलावा किसान बाबू, बीरसिंह, तुलसी, सुभाष, जयवीर, अनिल, हरफूल, राजबीर, अजब सिंह, ओमबीर, काला, शिव चरण, जसवीर व भारत आदि के नलकूपों से तोड़फोड़ कर स्टार्टर, केबल, कटआउट से तांबे आदि का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित किसानों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।
उधर, बाबरी थानाक्षेत्र के गांव चूनसा व कंजरहेड़ी गांव में रविवार सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों ने देखा कि चोरों ने गांव चूनसा निवासी राजीव, ओमकार सिंह, उदयवीर सिंह, आशीष, रामकुमार और रविंद्र सिंह व गांव कंजरहेड़ी निवासी किसान त्रिपाल सिंह, पंजाब सिंह, हरचैन सिंह और मास्टर महक सिंह के नलकूपों से स्टार्टर, कटआउट और अन्य विद्युत उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
इसके अलावा नलकूपों तक पहुंचने वाली भूमिगत केबल को फावड़े से जमीन की खोदाई कर गहराई में काट दिया। किसानों का कहना है कि केबल को जोड़ने के लिए अब चेन कुप्पी की मदद से बोरिंग को ऊपर उठाना पड़ेगा, जिसके बाद ही केबल की मरम्मत हो सकेगी। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पीड़ित किसानों की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।नलकूपों पर चोरी का खुलासा न होने पर आंदोलन की चेतावनी