- दिल्ली में होने वाली बैठक में भी लेंगे भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। अमेरिका द्वारा टैरिफ लागू किए जाने के बाद शामली के उद्यमियों की परेशानियां बढ़ गईं हैं। रिम उद्योग का निर्यात अमेरिका बंद होने से करोड़ों रुपये का नुकसान होने का खतरा मंडरा रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए उद्यमियों ने वित्त मंत्रालय और प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही, वे नई दिल्ली में जल्द होने वाली बैठक में भी भाग लेंगे।
शामली का रिम धुरा उद्योग अमेरिका सहित जर्मनी और अफ्रीका के देशों में निर्यात करता है। उद्योगपतियों का कहना है कि यहां बने धुरे उच्च गुणवत्ता और मजबूती के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त हैं। साइमा और लघु उद्योग भारती के मंडल अध्यक्ष अंकित गोयल, आईआईए के पूर्व चेयरमैन आशीष जैन और अपूर्वा जैन ने बताया कि अमेरिका में टैरिफ लागू होने से निर्यात प्रभावित हो रहा है और कई ऑर्डर कैंसिल हो चुके हैं।
उद्यमियों का कहना है कि यदि अमेरिकी टैरिफ वापस नहीं हुआ, तो उन्हें अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अवसर तलाशने होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मध्य एशिया और अफ्रीका में भारतीय उत्पादों की पकड़ अभी भी मजबूत है और वे प्रधानमंत्री से इस मुद्दे का शीघ्र समाधान होने की उम्मीद रखते हैं।
भारत-अमेरिका टैरिफ पर कई प्रयासों के बावजूद अभी तक समाधान नहीं निकल पाया है। निर्यातक संगठनों ने इस मुद्दे पर एक मंच बनाने का निर्णय लिया है, जिसके लिए नई दिल्ली में सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। जिले के उद्यमी भी इसमें भाग लेंगे और अपने सुझाव व मांगों को रखेंगे।