शामली। दिल्ली समेत कई राज्यों के उद्यमी जिले में औद्योगिक इकाई स्थापित कराने के लिए भूमि की तलाश में लगे हैं। शामली टेक्सटाइल पार्क में प्रदेश के विशेष सचिव शेषमणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई बैठक में दिल्ली से आए उद्यमी गौरव गुप्ता ने बताया कि रंगाई- पुताई की औद्योगिक इकाई लगाने के लिए सस्ते दामों पर भूमि उपलब्ध होगी तो वह औद्योगिक इकाई स्थापित कर देंगे।
कंडेला औद्योगिक क्षेत्र एवं दिल्ली रोड व कुडाना रोड समेत शामली शहर में 300 से ज्यादा औद्योगिक इकाइयां काम कर रही है। झिंझाना क्षेत्र के रोटन गांव में 23 एकड़ भूमि में टेक्सटाइल पार्क विकसित किया जा रहा है। शनिवार को उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव वस्त्र एवं उद्योग शेषमणि त्रिपाठी ने उद्यमियों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा कि उद्योगों को बढ़ावा देकर आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने बाहर के उद्यमियों को शामली में उद्योग लगाने के लिए न्योता भी दिया। दिल्ली और हरियाणा से आए उद्यमियों ने कहा कि अच्छी सस्ती भूमि मिलेगी तो टेक्सटाइल से जुडी कई औद्योगिक इकाई स्थापित कर सकते हैं।