जिला अस्पताल में भर्ती सर्पदंश से पीड़ित छात्रा प्रियांशी। संवाद
शामली। गांव लिसाढ़ निवासी इंटर की छात्रा प्रियांशी को सांप काटने के बाद परिजन पहले झाड़-फूंक कराने ले गए, जिससे करीब तीन घंटे का समय निकल गया। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एंटी स्नेक वेनम दी।
उपचार के बाद छात्रा की हालत में सुधार होने पर चिकित्सकों ने छुट्टी दे दी थी, लेकिन बृहस्पतिवार को सिर में चक्कर आने की शिकायत पर उसे दोबारा जिला अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। छात्रा ने बताया कि रात में घर में निकले सांप से भाई को बचाने के दौरान उसने हाथ आगे किया, तभी सांप ने उसे काट लिया।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. मनोज अखौरी ने बताया एक सप्ताह में सर्पदंश के आठ मामले पहुंचे है। इस वर्ष अब तक सर्पदंश के 75 मरीज अस्पताल पहुंच चुके हैं। सभी का समय पर उपचार किया गया। उन्होंने अपील की कि सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक या अंधविश्वास में समय न गंवाएं, बल्कि तुरंत अस्पताल पहुंचें। जिला अस्पताल में एंटी स्नेक वेनम की उपलब्धता है और समय पर इलाज से मरीजों की जान बचाई जा सकती है।