शामली। भारत फाइनेंसियल इन्क्लूजन लिमिटेड, शामली रिटेल शाखा में दो कर्मचारियों पर 2.70 लाख के लोन गबन का आरोप सामने आया है। शाखा मैनेजर पंकज कुमार ने आदर्श मंडी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पंकज कुमार ने बताया कि कंपनी में विशाल मलिक (सिलाना, बागपत) ब्रांच असिस्टेंट मैनेजर के पद पर और ऋतिक (बुढ़ाना) लोन अफसर के पद पर तैनात थे। विशाल का कार्य कंपनी में लोन का वेरीफिकेशन और डिस्बर्समेंट करना था।
पंकज कुमार के अनुसार विशाल ने ग्राहक से 1.19 लाख रुपये लेने के बाद उसे ग्राहक के खाते में जमा नहीं किया। वहीं ऋतिक ने ग्राहकों को बताया कि उनका लोन अप्रूव नहीं हुआ है और एटीएम किट अपने पास रख ली, जबकि वास्तव में लोन अप्रूव हो चुका था। इसके बाद ऋतिक ने 87,727 रुपये एटीएम से निकालकर अपने निजी खर्चों पर खर्च कर दिए।
कंपनी में कुल 2.70 लाख रुपये का गबन हुआ है। बताया कि आरोपियों ने इस मामले में अपने जुर्म को लिखित रूप में स्वीकार किया और इसके बाद से दोनों नौकरी छोड़कर भाग गए। आदर्श मंडी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।