फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: भीषण गर्मी में बिजली कटौती, बेहाल रहे लोग

विज्ञापन
विज्ञापन
शामली। जिले में भीषण गर्मी के साथ बिजली संकट भी लगातार गहराता जा रहा है। शुक्रवार रात करीब दाे बजे से शनिवार सुबह 11 बजे तक शहर और कस्बों के विभिन्न क्षेत्रों में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली कटौती के कारण जहां लोग उमस और गर्मी से बेहाल रहे, वहीं कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो गई। दूसरी ओर, औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली गुल रहने से फैक्टिरियों का संचालन भी प्रभावित हुआ।
विज्ञापन

पिछले कई दिनों से जिले का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। बढ़ती गर्मी के कारण बिजली की मांग में लगातार इजाफा हो रहा है। अत्यधिक लोड पड़ने से ट्रांसफार्मरों और विद्युत लाइनों में बार-बार फॉल्ट आ रहे हैं, जिससे आपूर्ति व्यवस्था लड़खड़ा रही है।
शहर के रेलपार कॉलोनी, आदर्श मंडी, बुढ़ाना रोड, धीमानपुरा रोड, दिल्ली रोड, काजीवाड़ा और सरवरपीर समेत कई इलाकों में शुक्रवार रात दो बजे से शनिवार सुबह 11 बजे करीब नौ घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। दोपहर के समय भी कई बार कटौती और ट्रिपिंग होती रही। रेलपार क्षेत्र में मरम्मत कार्य के चलते भी लोगों को बिजली संकट झेलना पड़ा। बिजली न होने के कारण घरों में लगे इनवर्टर भी जवाब दे गए और लोगों को भीषण गर्मी में परेशानी उठानी पड़ी।
विज्ञापन

काजीवाड़ा और सरवरपीर क्षेत्र में बिजली कटौती का असर पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ा। समय पर पानी नहीं मिलने से लोगों को अतिरिक्त दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई मोहल्लों में लोग बिजली और पानी दोनों की समस्या से जूझते रहे।
उधर, थानाभवन में भी घंटों बिजली गुल रहने और लो-वोल्टेज की समस्या से नागरिक परेशान रहे। मेला ग्राउंड, टंकी रोड, अग्रवाल कॉलोनी सहित कई मोहल्लों में लोगों को बार-बार बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह बिजली रहने पर पानी नहीं आता और जब पानी की आपूर्ति होती है तो बिजली चली जाती है, जिससे दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कैराना नगर के मोहल्ला रेतावाला, छड़ियान और टीचर कॉलोनी में भी बिजली कटौती के कारण दिन में पांच से छह घंटे की आपूर्ति लोगों को मिल सकी।
औद्योगिक क्षेत्र पर भी पड़ रहा असर
शामली। बिजली संकट का असर औद्योगिक क्षेत्र पर भी पड़ा है। साइमा के चेयरमैन अंकित गोयल और उद्यमी अमित कुमार ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित होने से फैक्टिरियों का संचालन प्रभावित हो रहा है। उत्पादन रुकने से उद्योगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि निर्बाध बिजली आपूर्ति उद्योगों के लिए बेहद जरूरी है।
यह बोले अधिकारी

अधीक्षण अभियंता शामली वीरेंद्र कुमार ने बताया कि लोगों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। बढ़ते लोड के कारण कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनों में फॉल्ट आ रहे हैं। सभी तकनीकी टीमों को 24 घंटे अलर्ट पर रखा गया है और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जा रहा है।


बॉक्स
बिजली संबंधी शिकायतों का लगातार बढ़ रहा ग्राफ

बढ़ती गर्मी और ओवरलोड के कारण जिले में बिजली संबंधी शिकायतों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। ऊर्जा निगम के अधिकारियों के अनुसार, बिजली हेल्पलाइन पर प्रतिदिन 50 से 60 शिकायतें दर्ज हो रही हैं। इनमें ट्रांसफार्मर फाल्ट, लाइन में खराबी, बार-बार बिजली गुल होना, लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की शिकायतें सबसे अधिक हैं। विभागीय टीमें शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंचकर समस्या के समाधान में जुट रही हैं। हालांकि लगातार बढ़ रहे लोड के चलते कई स्थानों पर फाल्ट की समस्या बनी हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें