शामली। जिले में पड़ रही गर्मी के कारण बिजली की खपत भी लगातार बढ़ रही है। पहले 70 मिलियन यूनिट तक बिजली खर्च हो रही थी, अब 130 से 140 मिलियन यूनिट एक माह में खपत हो रही है। लो वोल्टेज के कारण भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गर्मी के कारण बिजली की खपत बढ़ रही है। ट्रांसफार्मरों में तकनीकी खामी के कारण बिजली घंटोंं तक गुल रहती है, जिसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतों का आंकड़ा भी हर रोज 20 से 30 के पार पहुंच गया है। ऊर्जा निगम ने शहरी क्षेत्र में 24 तो ग्रामीण क्षेत्र में 18 घंटे तक आपूर्ति देने के आदेश दिए हुए हैं। मगर शहरी क्षेत्र में मुश्किल से 14 से 15 और ग्रामीण क्षेत्र में 12 से 14 घंटे ही आपूर्ति मिल पा रही है। जिसमें फॉल्ट, लो वोल्टेज, लगातार ट्रिपिंग भी शामिल है।
हर रोज जिलेभर में ट्रांसफार्मर भी फुंक रहे हैं। जर्जर तारों के कारण एसी से कूलर आदि का भार होने के कारण आए दिन शामली के अलावा कांधला, कैराना, जलालाबाद, झिंझाना, बाबरी, थानाभवन में आए दिन फाल्ट हो रहा है। ऊर्जा निगम की 12 टीमें सूचना पाते ही मौके पर पहुंच रही है। शामली के पवन गुप्ता, मोहसीन, लिलौन के आसिफ का कहना है कि लो वोल्टेज के कारण परेशानी होती है। आंधी या फिर बारिश आने पर भी तुरंत ही बिजली को गुल कर दिया जाता है, जिससे परेशानी होती है। आपूर्ति में सुधार होना चाहिए।