शामली। विद्युत निगम के मुख्य अभियंता जीसी झा ने कहा कि प्रत्येक माह के प्रथम और तीसरे शनिवार और रविवार को विद्युत निगम शिविर लगाकर उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान करेगा। उन्होंने रविवार को आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया।
मुख्य अभियंता जीसी झा रविवार को भभीसा और सोंटा रसूलपुर में आयोजित विद्युत समाधान शिविरों का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व वसूली में तेजी लाने को कहा। रविवार को आयोजित शिविरों 53 शिविरों में बिल से जुड़ी 141 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 135 का निस्तारण हुआ। मीटर से जुड़ी 28 में से 27 शिकायतें निस्तारित हुईं। अन्य शिकायतों को मिलाकर कुल 208 शिकायतें दर्ज हुईं जिनमें से 188 का निस्तारण हुआ। विद्युत बकाया पर 845 कनेक्शन काटे गए, जबकि 23 लाख 77 हजार रुपये का बकाया जमा किया गया। विद्युत चोरी के कुल 54 मामले पकड़ में आए।
------------
41 बकायेदारों के कनेक्शन काटे
कैराना। विद्युत निगम की टीम ने अधिशासी अभियंता के निर्देश पर ग्रामीण क्षेत्रों में बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान 41 बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए।
अधिशासी अभियंता रविंद्र प्रकाश के आदेश पर एसडीओ अतुल यादव के नेतृत्व में टीम ने गांव भूरा में निजी नलकूपों के बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने 41 बकायेदारों के कनेक्शन काटे। 32 हजार रुपये बकाया वसूल किया। एसडीओ ने बताया कि काटे गए 41 कनेक्शनों पर विद्युत विभाग का करीब 65 लाख रुपये बकाया था। टीम में जेई भानु प्रताप, राहुल कुमार, सुरजीत, स्टाफ कवर चौधरी, फिरोज, सादिक, कय्यूम, संजीव आदि शामिल रहे।