लॉकडाउन में फंसे देहरादून के आठ श्रद्धालु शामली पहुंचे
शामली। लॉकडाउन में गैर जिलों में फंसे लोगों का पलायन का सिलसिला अभी भी चल रहा है। लॉकडाउन में वाराणसी में फंसे देहरादून के आठ श्रद्धालु ट्रक में बैठकर शामली पहुंचे। इसके अलावा इसके अलावा एटा निवासी छह युवक घर जाने के लिए छह दिन पहले जम्मू से चलकर शामली पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने ट्रक में बैठाकर रवाना कर दिया।
बुधवार को शामली पहुंचे देहरादून के कवली निवासी हरजीत सिंह, श्यामसिंह, जसवीर सिंह, बलकार सिंह, लक्ष्मण सिंह, गुरमीत सिंह, लाड सिंह और एलवी सिंह ने बताया कि वे सभी 20 मार्च को वाराणसी में काशी विश्वनाथ के दर्शन करने गए थे। दर्शन करने के अगले दिन जनता कर्फ्यू और फिर लॉकडाउन होने पर वही फंस गये। मंगलवार रात को वे सभी वाराणसी से घर जाने के लिए निकले। ट्रक से पहले वे सीतापुर पहुंचे। वहां से दूसरे ट्रक में बैठकर किसी तरह शामली पहुंचे। उनका कहना था कि अब उन्हें यहां से कोई दूसरा साधन मिलता है तो वे सहारनपुर होते हुए देहरादून जाएंगे। उन्होंने बताया कि रास्ते में उन्हें खाने पीने की कोई परेशानी नहीं हुई। वाराणसी में वे खाना खाकर चले थे। रास्ते में भी सामाजिक संस्थाओं द्वारा उन्हें भोजन उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा बुढ़ाना रोड रेलवे फाटक पर पहुंचे एटा के नौखेड़ा गांव के छह युवकों कृष्णा, पवन, गौरव आदि ने बताया कि वे जम्मू में आइसक्रीम बेचने का काम करते थे। लॉकडाउन होने पर वे कई दिन तक वहीं रहे, लेकिन जब उनके पास पैसे खत्म हो गए तो छह दिन पहले वे जम्मू से चल पड़े थे। शामली से पुलिस ने उन्हें ट्रक में बैठाकर भिजवा दिया।