शामली। कोरोनारोधी टीका लगवाने के लिए सरकार का पूरा जोर है, लेकिन टीका लगवाने के लिए वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कहीं लाइन में घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है तो कहीं पर वैक्सीन खत्म होने के कारण बिना टीका लगवाए ही वापस जाने को मजबूर होना पड़ा। कहीं पर स्लाट को लेकर लोगों को इधर से उधर भटकना पड़ रहा है। बुधवार को जिले में टीकाकरण केंद्रों पर टीका लगवाने आए लोगों से बातचीत की गई तो इस तरह की समस्याएं सामने आई।
टीकाकरण केंद्र : सीएचसी शामली
समय पूर्वाह्न 11.30 बजे
सीएचसी में 45 प्लस वाले लोगों को टीका लगाया जा रहा था। 86 लोगों को टीकाकरण किया जा चुका था। इस दौरान टीकाकरण कराने वालों की भीड़ लगी थी। टीका लगवाने आए सोंहजनी जाटान निवासी मनीष मलिक अपनी बहन अनुष्का के साथ आए थे। उसने बताया कि यूजी की परीक्षा शुरू हो रही है, इसलिए वह टीका लगवाने पहले हिंदू कन्या इंटर कालेज गया। वहां अभिभावक स्पेशल बूथ बताया। इसके बाद सीएचसी शामली पहुंचा तो बताया कि ऊन सीएचसी पर टीका लगने की बात कही गई।
गांव फुगाना निवासी अभिराज मलिक ने बताया कि दो दिन बाद उसकी परीक्षा है। सीएचसी में उसे टीका न लगाकर जिला अस्पताल में टीका लगवाने के लिए कहा गया। अब उसे यहां से जिला अस्पताल जाना पड़ेगा। गांव सिकंदरपुर निवासी अंकुर कुमार ने बताया कि करीब एक माह पहले उसने स्लाट बुक किया था। ओटीपी भरने के बाद उसे तारीख और टीकाकरण केंद्र की जानकारी नहीं मिली। वह सीएचसी पर आया तो उसे दुबारा स्लाट बुक करने की बात कही और टीका नहीं लगाया।
----
टीकाकरण केंद्र : राजकीय महिला पॉलिटेक्निक शामली
समय : दोपहर 12.10 बजे
टीकाकरण केंद्र पर टीका लगवाने वालों की भीड़ लगी थी। ऑनलाइन स्लाट बुक का सत्यापन कराने में ही लोग परेशान नजर आए। टीका लगवाने आई गीता ने बताया कि वह आधा घंटे से यहां आई हुई है, लेकिन अभी तक टीका लगवाना तो दूर, स्लाट का सत्यापन नहीं हुआ है। गौरव कुमार ने बताया कि वह करीब 35 मिनट से यहां खड़ा है, पर अभी तक टीका नहीं लगा है।
-----
कैराना में वैक्सीन खत्म, लोगों को करना पड़ा इंतजार
टीकाकरण केंद्र : इस्लामिया इंटर कालेज कैराना।
समय : दोपहर एक बजे
45 प्लस उम्र के लोगों के लिए बने बूथ पर स्वास्थ्य कर्मी खाली बैठे थे। इसकी वजह वैक्सीन न होना थी। टीका लगवाने पहुुंचे मोहल्ला बिसातियान निवासी हाजी अबरार को स्वास्थ्य कर्मी ने वैक्सीन खत्म होना बताते हुए इंतजार करने को कहा। 15 मिनट इंतजार करने के बाद टीका लगे बिना ही वह लौट गए। बबली निवासी जगनपुर ने बताया कि वह करीब 20 मिनट से वैक्सीन की इंतजार में बैठी है। स्वास्थ्य कर्मी ने बताया उन्हें 70 डोज वैक्सीन की मिली थीं, जो खत्म हो गईं। करीब 45 मिनट बाद 30 डोज और पहुंचीं, जिसके चलते केवल 100 लोगों को वैक्सीन लगाई गई, जबकि काफी लोग वैक्सीन खत्म होने के बाद लौट गए।
-----
जिले में 2.32 लाख लोगों को हुआ टीकाकरण
शामली। जिले में 16 जनवरी को कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान शुरू हुआ था। अभी तक लगभग 232004 लोगों को टीकाकरण हो चुका है, जिनमें लगभग 37465 लोगों को दूसरी डोज का टीका लगा है।
---
कोट
जिले में उपलब्ध कोरोनारोधी वैक्सीन के अनुसार ही टीकाकरण बूथ बनाए जा रहे हैं। अगर कहीं पर बीच में खत्म हो जाती है तो वहां पर वैक्सीन की व्यवस्था करा दी जाती है। टीका लगवाने वाले लाभार्थियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि किसी को परेशानी न हो सके। - डॉ. आरके सागर, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी।