शामली। टीईटी (अध्यापक पात्रता परीक्षा) पास किए बगैर सहायक अध्यापक पद पर समायोजन रद होने संबंधी सुप्रीम कोर्ट आदेश आने पर शिक्षा मित्रों को झटका लगा। बुधवार को जिले भर के शिक्षा मित्रों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर पहुंचकर प्रदर्शन किया।
बुधवार को बनत स्थित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे शिक्षा मित्रों ने नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। इसके बाद धरना देकर बैठ गए। कहा कि पूर्व की प्रदेश सरकार ने उन्हें सहायक अध्यापक के रूप में समायोजन का आदेश जारी किया था।
अब सुप्रीम कोर्ट ने शिक्षा मित्रों के समायोजन को रद कर दिया तथा शर्त रख दी कि जो शिक्षामित्र टीईटी परीक्षा पास होंगे, उन्हीं का समायोजन होगा। उनका कहना है कि इस मामले में मौजूदा प्रदेश सरकार को मजबूत पैरवी करनी चाहिए थी, क्योंकि प्रदेश भर के एक लाख 78 हजार शिक्षा मित्रों के भविष्य का सवाल था।
शिक्षामित्रों के हितों के बारे में प्रदेश सरकार को आवश्यक कदम उठाने चाहिए। इस दौरान कुछ शिक्षामित्रों ने कहा कि अपने अधिकारों के लिए आंदोलन किया जाएगा। इसको लेकर शिक्षामित्र रणनीति बनाएंगे और हर हाल में अपना हक लेकर रहेंगे।
साथ ही निर्णय लिया गया कि शिक्षामित्रों के साथ ही समायोजित सहायक अध्यापक पढ़ाई कार्य कराने के लिए विद्यालयों में नहीं जाएंगे। शिक्षामित्रों ने
अपनी मांगों के संबंध सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी भारत भूषण को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान प्रमोद शर्मा, यमन पाल, रीनू, कविता, हरविंदर, मनोज, सुखविंदर, राहुल, अनुज, मोनिका, पूनम, राहुल शर्मा आदि मौजूद रहे।