शामली वी वी इंटर कालेज में जन सेवा समिति के द्वारा मेधावी छात्र छात्राओं को निशुल्क टैब वितरण कार
- फोटो : SHAMLI
‘देश की तरक्की के लिए बालिकाओं का शिक्षित होना जरूरी’
शामली। श्री जैन कन्या इंटर कॉलेज में शामली जन सेवा समिति की तरफ से निर्धन मेधावी छात्राओं को टैबलेट का वितरण किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल ने कहा कि देश की तरक्की के लिए बालिकाओं का शिक्षित होना जरूरी है।
बुधवार को कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल व पालिका की चेयरपर्सन अंजना बंसल ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। पूर्व विधायक बंसल ने कहा कि बालिकाओं को शिक्षित करना हम सबका परम कर्तव्य है। क्योंकि एक बालिका खुद शिक्षित होकर तीन परिवारों को शिक्षित करती है। देश को तरक्की दिलानी है तो बालिकाओं को शिक्षित करना होगा। इसी उद्देश्य को लेकर मेधावी व आर्थिक रूप से असमर्थ छात्राओं को बेहतर पठन-पाठन के लिए टैबलेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। चेयरपर्सन अंजना बंसल ने कहा कि शामली जन सेवा समिति संस्था की तरफ से लड़कियों और महिलाओं को सिलाई, कंप्यूटर कोर्स, इंगलिश स्पीकिंग और ब्यूटीशियन कोर्स कराया जाता है, ताकि महिलाएं और बालिकाएं स्वावलंबी बन सकें।
चौ. मानसिंह राजकीय इंटर कॉलेज कंडेला के प्रधानाचार्य डॉ. अमित मलिक ने कहा कि समाज में होने वाली समस्याओं को खोजकर समाधान करना चाहिए तभी समाज प्रगति के पथ पर अग्रसर होता है। प्रधानाचार्या डॉ. रुचिता ढाका ने कहा कि टैबलेट से छात्राओं को पठन-पाठन में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि टैबलेट का प्रयोग शिक्षा से संबंधित सामग्री व अन्य उपयोगी जानकारी के लिए करें और बुरी व अनुपयोगी सामग्री से बचे। कार्यक्रम में पूर्व आईजी विजय गर्ग, निशा गर्ग, कालेज प्रबंधक विरेंद्र जैन, अध्यक्ष दीपक जैन आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रूमा गर्ग ने किया।