बनत के कस्तूरबा विद्यालय में अपराजिता कार्यक्रम में आत्मरक्षा के गुर सिखाती मास्टर ट्रेनर। संवा
शामली। नगर बनत के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता कार्यक्रम के तहत छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। प्रशिक्षक सेठो देवी व रेनू देशवाल ने छात्राओं को अलग-अलग अभ्यास कराकर आत्मरक्षा के प्रति सजग किया।
उन्होंने कहा कि छात्राओं को किसी प्रकार से डरने की जरूरत नहीं है। वे मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी रक्षा स्वयं कर सकती हैं। मार्शल आर्ट के प्रशिक्षक ने छात्राओं को अचानक होने वाले हमलों, चाकू से बचाव, पीछे से पकड़ने पर स्वयं को सुरक्षित निकालने तथा दैनिक उपयोग की वस्तुओं को आत्मरक्षा के हथियार के रूप में इस्तेमाल करने के तरीके सिखाए। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को कई तरह के पंच, किक एवं बचाव तकनीकों का अभ्यास कराया गया।
प्रशिक्षकों ने बताया कि विपरीत परिस्थितियों में सूझबूझ और आत्मविश्वास सबसे बड़ा हथियार होता है। वार्डन रश्मि पाठक व जिला समन्वयक बालिका सुशील कुमार ने कहा कि छात्राओं को अमर उजाला की ओर से लगाए गए शिविर में जो जानकारी प्रशिक्षक ने दी उसका लगातार अभ्यास करती रहें ताकि जरूरत पड़ने पर यह प्रशिक्षण उनके काम आ सके। इस अवसर पर शिक्षिका बबली, रिया, कमल, राखी, जशलेस, शबनम, स्नेहलता व सुलक्षणा आदि मौजूद रही।