शामली। सीडीओ विनय कुमार तिवारी ने बृहस्पतिवार को जिले के सात राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दो चिकित्साधिकारी अवकाश पर मिले जबकि एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अनुपस्थित मिला।
मंडलायुक्त सहारनपुर के निर्देश पर सीडीओ ने राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय भैंसवाल का निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्साधिकारी फार्मासिस्ट और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मौजूद मिले। साफ सफाई और दवा पर्याप्त मात्रा में पाई गई। बाबरी चिकित्सालय पर आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी डॉ. विनय कुमार आकस्मिक अवकाश पर मिले। अन्य कर्मचारी मुकुल आत्रेय व वार्ड ब्वाय मौजूद मिले। दवा भी पर्याप्त मिली। स्कंद पंजिका मांगे जाने पर वार्ड ब्वाय ने चिकित्साधिकारी के पास होना बताया।
रसूलपुर गुजरान में चिकित्साधिकारी मौजूद मिले। अन्य तीन कर्मचारियों में चौकीदार जनेश्वर प्रसाद अनुपस्थित मिले। ताहिरपुर भभीसा में चिकित्साधिकारी समेत सभी स्टाफ मौजूद मिला। बावरिया कालोनी सींगरा में चिकित्साधिकारी व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मौजूद मिले। साफ-सफाई भी ठीक पाई गई। केरटू में चिकित्साधिकारी डॉ. अर्चना अवकाश पर मिली। झिंझाना में चिकित्साधिकारी मौजूद मिले और साफ-सफाई भी ठीक पाई गई। सीडीओ ने निरीक्षण की रिपोर्ट मंडलायुक्त को भेज दी है।