कैराना (शामली)। गम में शामिल होने के बाद लौट रहे स्कूटी सवार ससुर-दामाद को रेत से भरे डंपर ने कुचलकर गंभीर घायल कर दिया। पुलिस ने मौके से डंपर को कब्जे में ले लिया है।
जनपद गाजियाबाद के लोनी स्थित मोहल्ला अशोक विहार निवासी खुर्शीद (48) अपने दामाद रहीस निवासी मोहल्ला खालापार मुजफ्फरनगर के साथ नगर के पानीपत रोड पर चम्मच फैक्टरी के पास रिश्तेदारी में इंतजार की मौत होने पर गम में शामिल होने आया था। रविवार शाम करीब पांच बजे वह दोनों स्कूटी से असदपुर जिड़ाना गांव में अपने अन्य रिश्तेदारों के यहां जा रहे थे। कांधला रोड पर पेट्रोल पंप के सामने रेत से भरे डंपर ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में खुर्शीद के दोनों पैर तथा रहीस के एक पैर डंपर के पिछले पहियों के नीचे आकर कुचला गया। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस दौरान कुछ देर के लिए जाम लगा रहा। पुलिस ने डंफर को कब्जे में लेकर जाम को खुलवाया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।