लालाबाद में युवक को टीका लगाता स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : SHAMLI
शामली। बारिश का असर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेेले पर भी पड़ा है। पिछले स्वास्थ्य मेले की अपेक्षा लगभग आधे मरीज ही उपचार कराने पहुंचे। जिले में 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित स्वास्थ्य मेले में 286 मरीजों को उपचार मिला है। आयुष्मान गोल्डन कार्ड भी मात्र नौ ही बने हैं।
ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर उपचार सुविधा दिलाने के लिए हर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला आयोजित किया जाता है। यह स्वास्थ्य मेला जिले के सभी 25 स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित होता है। इस बार रविवार को सुबह से ही लगातार बारिश चलने के कारण स्वास्थ्य मेले में मरीजों की संख्या लगभग आधी रह गई। सीएमओ संजय अग्रवाल ने बताया कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया। स्वास्थ्य मेले में 135 पुरुष, 112 महिला और 39 मरीज पहुंचे। इस तरह से कुल 286 मरीज पहुंचे। सबसे ज्यादा 38 मरीज सिलावर पीएचसी पर पहुंचे और सबसे कम तीन मरीज बहावड़ी व चार मरीज लिसाढ़ पीएचसी पर रहे। सभी मरीजों की जांच कर दवा दी गई। आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थियों के नौ कार्ड बनाए गए। सर्दी के कारण जुकाम, नजला, खांसी के मरीजों की संख्या ज्यादा रही और कोई गंभीर रोगी मेले में नहीं पहुंचा। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मेले में 31 चिकित्सक और 105 पैरा मेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई थी। पिछले रविवार को आयोजित स्वास्थ्य मेलों में मरीजों की संख्या 550 से लेेकर 600 के बीच रही है। मरीजों की संख्या कम होने का कारण बारिश को माना गया है।
बारिश के चलते टीका लगवाने कम संख्या में पहुंचे किशोर
जलालाबाद। नगर पंचायत कार्यालय पर रविवार को 15 से 18 तक के किशोरों के लिए विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया। इसके लिए नगर पंचायत ने प्रचार-प्रसार भी कराया गया, लेकिन सुबह से लगातार बारिश होने पर टीकाकरण शिविर में सिर्फ 25 युवाओं ही कोरोनारोधी टीके की पहली डोज लगवाई। शिविर में टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य कर्मी पीयूष व अंकुर मौजूद रहे। नगर पंचायत सफाई नायक सुनील कुमार, लिपिक मुकेश कुमार का भी सहयोग रहा।