शामली, कांधला। एक मानसिक रोगी ने नशे की हालत में धार्मिक स्थल के निकट जमकर उत्पात मचाया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की की। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने युवक की दिमागी हालत देखते हुए परिजनों को सुपुर्दगी में दे दिया।
बुधवार देर शाम नगर के मोहल्ला इदरीश बेग बिहार कालोनी स्थित एक धार्मिक स्थल के निकट मानसिक रोगी शराब के नशे में धुत होकर उत्पात मचाने लगा। आसपास के लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो युवक ने डंडा हाथ में लेकर उन पर हमला बोल दिया। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर उसे समझा-बुझाकर काबू करने का प्रयास किया। लेकिन उसने पुलिस से धक्का-मुक्की करते हुए अभद्रता की। पुलिस कर्मियों ने किसी तरह उसे काबू किया।
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छीना झपटी धक्का-मुक्की के दौरान दरोगा कैलाश गौड़ को चोट भी लगी। पुलिस ने सख्ती बरतते हुए युवक को हिरासत में ले लिया और थाने पर ले आई। थाने में भी उसने अजीब हरकतें शुरू कर दी। पुलिस कर्मियों ने जानकारी जुटाकर उसके परिजनों को बुलाया। पुलिस ने परिजनों को हिदायत देकर युवक को उनके सुपुर्द कर दिया। पुलिस के मुताबिक युवक कैराना निवासी है।