शामली मु0नगर मार्ग पर सर्दी में जाती महिलाएं । संवाद
शामली। जिले में रविवार रात में कोहरा छाया रहा और सोमवार सुबह बूंदाबांदी के बाद शीतलहर चलने से लोगों की कंपकंपी छूट गई। दोपहर में कुछ समय के लिए हल्की धूप निकली, लेकिन ठंड के आगे बेअसर रही। अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ जबकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई।
सुबह छह बजे बादलों ने गरजना शुरू किया और सात बजे से बूंदाबांदी के साथ हल्की बारिश शुरू हुई। इसके बाद मौसम ठंडा हो गया और शीतलहर चलने से लोगों की कंपकंपी छूटी रही। दोपहर में हल्की धूप निकली, लेकिन लोगों को इससे कोई राहत नहीं मिली। शाम होते ही फिर से कोहरा छाना शुरू हो गया।
ठंड के कारण लोग ऊनी व गर्म कपड़ों में लिपटे रहे और कई स्थानों पर अलाव तापकर ठंड से राहत पाने की कोशिश की। जिले में पिछले 24 घंटे में तापमान की स्थिति देखे तो अधिकतम तापमान में कोई परिवर्तन न होकर 17 डिग्री सेल्सियस बना रहा जबकि न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस बढ़कर 10 डिग्री सेल्सियस रहा।
सरदार बल्लभ भाई पटेल कृषि विवि मेरठ के नोडल अधिकारी प्रोफेसर यूपी शाही ने बताया कि अभी शीतलहर चलने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।