थानाभवन (शामली)। सीडीपीओ, सुपरवाइजर की डाट से बेहोश हुई समूह सखी के मामले में डीपीओ ने सीडीपीओ कार्यालय पहुंचकर जांच की। उन्होंने दोनों पक्षों को सुनते हुए सीडीपीओ और सुपरवाइजर को भाषा संयमित रखने की हिदायत दी। उनके सामने समूह सखियां औश्र आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आपस में भिड़ गईं। समूह सखी ने उपायुक्त स्वत: रोजगार को घटना के बारे में पत्र भेजा है।
सीडीपीओ कार्यालय में बृहस्पतिवार को गांव कैड़ी निवासी समूह सखी अनीता अपनी सहायक निशा के साथ मासिक वितरण करने के लिए राशन लेने गई थीं। आरोप है कि सीडीपीओ गजेश सैनी व सुपरवाइजर ने उन्हें डांट दिया था, जिस पर अनीता बेहोश हो गई थी। शुक्रवार को डीपीओ संतोष श्रीवास्तव थानाभवन पहुंचे और दोनों पक्षों से वार्ता कर उनके बयान लिए।
उन्होंने सीडीपीओ और सुपरवाइजर को भाषा संयमित रखने के हिदायत देते हुए भविष्य में इस तरह की घटना पर कार्रवाई की चेतावनी दी। उधर, डीपीओ के सामने ही दफ्तर में समूह की महिलाएं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की नोकझोंक हो गई। इस पर समूह सखी ने उपायुक्त स्वत: रोजगार शैलेन व्यास को लिखित में शिकायत की है। डीपीओ ने बताया कि दोनों पक्षों में राशन लेने को लेकर कुछ विवाद हो गया था। उन्हें समझा दिया गया है। भविष्य में ऐसी शिकायत नहीं होगी।