कैराना में जामा मस्जिद के शाही इमाम मौलाना ताहिर से बातचीत करती पुलिस
- फोटो : SHAMLI
शामली। अलविदा जुमा और ईद पर्व पर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु कलक्ट्रेट के सभागार में आज डीएम जसजीत कौर व एसएसपी सुकीर्ति माधव ने जिले के सभी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों व धर्म गुरुओं के साथ शांति समिति की बैठक की। इस दौरान निर्णय लिया गया कि आगामी त्योहारों पर किसी भी धार्मिक आयोजन में लाउडस्पीकर की आवाज परिसर से बाहर से न जाए। अलविदा जुमा और ईद पर सड़क पर नमाज न पढ़ी जाए।
डीएम ने साफ किया कि प्रशासन परंपरागत जुलूस निकालने के लिए प्रतिबंधों के अधीन रहते हुए अनुमति देगा। उन्होंने कहा कि परंपरागत जुलूस पूर्व अनुमति से ही निकाले जाएं। परंपरागत जुलूस से इतर कोई भी अनुमति नहीं दी जाएगी। डीएम ने धर्मगुरुओं से कहा कि शासन व कोविड गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए त्योहार को सादगी से मनाना है। सभी मिल जुलकर शांति का माहौल बनाते हुए त्योहार पर अपनी जिम्मेदारी निभाएं। एसएसपी सुकीर्ति माधव ने कहा कि अब तक जितने भी त्योहार आए हैं, सभी लोगों का सहयोग रहा है। आगे भी शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं। डीएम ने साफ-सफाई और विद्युत आपूर्ति को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान जमीयत उलमा की ओर से डीएम को ज्ञापन देकर लाउडस्पीकरों को पूर्व में दी गई अनुमति का समय बढ़ाने और नई अनुमति देने की मांग की। बैठक में एडीएम संतोष कुमार सिंह, एएसपी ओपी सिंह, सभी एसडीएम, सीओ और थाना प्रभारी व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।