शामली। बायोमैट्रिक हाजिरी नहीं लगाने वालों की डीएम के आदेश पर सीएमओ ने मई माह की तनख्वाह रोक दी, जिससे एएनएम का गुस्सा भड़क गया। मातृ शिशु कल्याण महिला कर्मचारी संघ उप्र की शामली शाखा के नेतृत्व में एएनएम ने सीएमओ दफ्तर पर हंगामा किया। सभी एएनएम ने 25 तारीख तक समस्या के समाधान नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किए जाने की चेतावनी सीएमओ को दी है।
सोमवार को एएनएम संगठन की शामली शाखा की अध्यक्ष लोकेेश चौधरी के नेतृत्व में सीएमओ ऑफिस पर पहुंची। एएनएम ने अपनी मांगों को लेकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान लोकेश चौधरी ने बताया कि सीएमओ के आदेश पर मई माह वेतन बायोमैट्रिक पर हाजिरी नहीं लगाने पर रोक दिया गया। सभी एएएनम 10-15 किमी की दूरी पर जाकर अपना काम करती हैं, ग्रामीण क्षेत्र में यातायात की सुविधा भी नहीं है।
ऐसे मे बायोमैट्रिक हाजिरी लगानी संभव नहीं है। यदि उनकी इस समस्या का समाधान नहीं होता है, तो सभी एएनएम 25 जून से अनिश्चित कालीन धरने पर बैठ जाएंगी। और यदि बायोमैट्रिक जरूरी है, तो ड्यूटी टाइम सुबह आठ बजे से लेकर साढ़े बारह बजे तक करने के आदेश लिखित में दिए जाएं। वहीं, एएनएम लोकेश चौधरी के अनुसार नियम लागू हो तो सब पर हो। किसी भी जिले में फील्ड कर्मचारी को बायोमैट्रिक मशीन से हाजिरी नहीं लगवाई जा रही है। शामली में भी लेखपाल, ग्राम सचिव सहित अन्य विभाग के कर्मचारियों से हाजिरी नहीं लगवाई जा रही है।
डीएम के आदेश पर पिछले चार माह से सभी को बायोमैट्रिक से उपस्थिति लगाने को कहा जा रहा है। अप्रैल माह का वेतन भी निकाल दिया गया था, लेकिन मई माह में उपस्थिति बायोमैट्रिक से लगाने को कहा गया, जिसने नहीं लगाई, उसका वेतन रोकने के निर्देश दिए गए है, ताकि बायोमैट्रिक व्यवस्था लागू हो सके। - डॉ. राजकुमार, सीएमओ