शामली। एसपी विनीत जायसवाल ने शुक्रवार केे जुमे की नमाज के दौरान शहर में यातायात एवं पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। एसपी ने शहर के मुख्य चौराहों विजय चौक, अजंता चौक, फव्वारा चौक, शिव चौक, भिक्की मोड़, गुरुद्वारा तिराहा पर पुलिस ड्यूटी को चैक किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को बिना मास्क पहने निकले लोग और ट्रिपल राइडिंग वाले वाहनों के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। शहर में धर्मस्थलों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों की ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई। उन्होंने कोतवाली प्रभारी से कहा कि सड़क पर बढ़ रहे ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई करें। इस दौरान सीओ सिटी जितेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
ई-रिक्शा में लगी आग
शामली। शहर के माजरा रोड पर शुक्रवार शाम को ई-रिक्शा खड़ी थी। अचानक उसमें आग लग गई। आग लगने पर आसपास के लोगों ने शोर मचाया। निकट ही वाहन धुलाई सेंटर के पाइप से पानी डालकर आग को बुझाया। इस दौरान ई रिक्शा चालक मौके से गायब मिला। आसपास के लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दे दी है।
घुमंतू जाति के लोगों में मारपीट, कई हिरासत में
शामली। मोहल्ला दयानंद नगर में घुमंतू जाति के लोग झोपड़ी डालकर कुछ समय से परिवार समेत रह रहे हैं। शुक्रवार सुबह उनमें किसी बात को लेकर मारपीट हो गई। मारपीट के बाद सभी लोग अपने परिवार के साथ वहां से दूसरी जगह जाने की तैयारी कर रहे थे। उसी समय किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली और उनके आधार कार्ड आदि की जांच की। बताया गया है कि कई युवकों के पास आधार कार्ड नहीं मिल पाए जिस पर पुलिस करीब सात युवकों को पकड़कर कोतवाली ले गई। युवकों ने अपने को अंबाला क्षेत्र का निवासी बताया है। पुलिस का कहना है कि मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले की छानबीन की जा रही है।